मां ने पूर्व मकान मालिक के बेटे पर लगाया नाबालिग बेटी से दुष्कर्म करने का आरोप, पुलिस ने मामला दर्ज किया
मुरादाबाद, 10 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद के थाना मझोला क्षेत्र निवासी महिला ने अपने पुराने मकान मालिक के बेटे पर अपनी नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। शिकायतकर्ता मां का यह भी कहना है कि पीड़िता के विरोध करने और शिकायत करने पर आरोपित ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी।
पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि आरोपित युवक के खिलाफ सोमवार को दुष्कर्म, धमकी देने और पाक्सो एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। शिकायतकर्ता का कहना है कि बीती 25 जुलाई को उसकी बेटी का जन्मदिन था जिसमें आरोपित भी आ गया और तीन दिन बाद 28 जुलाई को आरोपित उसकी बेटी को बहला फुसलाकर अपने दोस्त संदीप के घर ले गया। यहां शराब पीने के बाद आरोपित ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया और साथ ही उसे यह धमकी दी कि अगर इस बारे में उसने किसी को कुछ बताया या पुलिस में शिकायत की तो वह उसे जान से मार देगा। इसके बाद पीडित किशोरी गुमसुम रहने लगी। माँ ने जब उसे गुमसुम रहने का कारण पूछा तो उसने पूरी आपबीती मां को सुनाई।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

