home page

सीमेंट प्लांट के मुनीम पर नकाबपोशों ने की फायरिंग, गोली लगने से घायल

 | 
सीमेंट प्लांट के मुनीम पर नकाबपोशों ने की फायरिंग, गोली लगने से घायल


बांदा, 23 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा के मटौंध थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात खैराडा गांव स्थित एक सीमेंट प्लांट में कार्यरत मुनीम को नकाबपोश बदमाशों ने गोली मारकर घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, भरखरी गांव निवासी पुष्पेंद्र सिंह (38) विपिन दीक्षित के सीमेंट प्लांट में मुनीम हैं। बीती रात बुधवार करीब 9 से 10 बजे के बीच पुष्पेंद्र प्लांट पर मौजूद थे। इसी दौरान बोलेरो वाहन से आए दो नकाबपोश बदमाशों ने गेट खुलवाने के बहाने उन्हें बाहर बुलाया। जब पुष्पेंद्र ने गेट खोलने का कारण पूछा, तो बदमाशों ने तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान पहली गोली से वह बाल-बाल बच गए, लेकिन दूसरी गोली उनके बाएं हाथ में कोहनी के ऊपर जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए असलहे लहराते हुए महोबा की ओर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही मटौंध थाने के एसएसआई इंदल कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को तुरंत जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर है।

थाना प्रभारी इंदल कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर बसीउल्ला, गोयरा मुगली, दीपक गुप्ता (छोटी बाजार), विनीत शिवहरे (अलीगंज) सहित कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

वहीं, अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज गुरुवार को बताया कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर बारीकी से विवेचना की जा रही है। उन्होंने बताया कि घायल की स्थिति सामान्य है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह