नोएडा : अकाउंटेंट को लगी ऑनलाइन गेम खेलने की लत, कंपनी के खाते से कर दिया 50 लाख ट्रांसफर
नोएडा, 18 अक्टूबर (हि.स.)। नोएडा की एक कंपनी के एकाउंटेंट ने ऑनलाइन गेम खेल कर मोटी रकम कमाने के चक्कर में कंपनी के खाते से 50 लाख रुपया साइबर अपराधियों के खाते में ट्रांसफर कर दिया। इस मामले में कंपनी के मालिक ने साइबर क्राइम थाने में बीती रात को मुकदमा दर्ज करवाया है।
पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम प्रीति यादव ने बताया कि टुकडिया लखमन ने बीती रात को साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि सेक्टर 80 में उसकी कंपनी है। उसकी कंपनी कॉरपोरेट गिफ्ट और हाउसकीपिंग के काम करती है। पीड़ित के अनुसार उसकी कंपनी के दो अकाउंट है। अकाउंट की देखरेख के लिए उन्होंने पीयूष मिश्रा पुत्र सुबोध मिश्रा को अपने यहां अकाउंटेंट के रूप में रखा है। पीड़ित के अनुसार उनके अकाउंटेंट पीयूष मिश्रा को ऑनलाइन गेम खेल कर अधिक लाभ कमाने का ऑफर प्राप्त हुआ। उसने इस ऑफर को स्वीकार करते हुए एक सितंबर 2025 से 1 अक्टूबर 2026 तक गेमिंग एप में अपने खाते क बजाय उनकी उनकी कंपनी के दोनों खाते से 50 लाख रुपया ट्रांसफर कर दिया। पीड़ित के अनुसार उनके एकाउंटेंट ने उनकी कंपनी के साथ धोखा किया। इस मामले में उन्होंने अकाउंटेंट पीयूष मिश्रा के खिलाफ साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि एक अन्य मामले में बीती रात को मनीषा शर्मा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह सेक्टर 78 स्थित महागुन मॉडर्न सोसाइटी में रहती है। उनके अनुसार अज्ञात साइबर अपराधियों ने उनसे ऑनलाइन स्टॉक ट्रेडिंग के बारे में संपर्क किया तथा उनसे विभिन्न बार में 6 लाख 50 हजार रुपए विभिन्न खातों में ट्रांसफर करवा लिया। पीड़िता के अनुसार शुरुआत में उन्हें कुछ फायदा हुआ, लेकिन धीरे-धीरे आरोपियों ने उनकी रकम अन्य शेयर में लगवाने के नाम पर हड़प ली। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

