home page

लोन के नाम पर खाता खुलवा साइबर ठगी में किया इस्तेमाल, दो पर केस दर्ज

 | 

महोबा, 27 जुलाई (हि.स.)। जनपद में फर्नीचर व्यापारी को ऋण दिलाने का झांसा देकर बैंक खाता खुलवा साइबर अपराध में इस्तेमाल करने का मामला सामने आया है। खाता खुलवाने के बाद बैंक संबंधी दस्तावेज आरोपित ने अपने पास रख उसी खाते में विभिन्न राज्यों से साइबर ठगी की रकम मंगाई गई। बैंक प्रबंधक ने मामले की जानकारी मिलने पर पीड़ित ने साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने एक नामजद समेत दो पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल शुरू की है।

जनपद मुख्यालय के मुहाल सुभाष नगर निवासी सार्थक कपूर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी पत्नी खुशबू के नाम से लंबोदर लग्जरी शोरूम संचालित है। जून माह में सदर कोतवाली क्षेत्र के बिलबई गांव निवासी मंगल अपने एक साथी के साथ सामान लेने आया। जिसके बाद वह एक बैंक कर्मी के साथ कई बार दुकान पर आया।

पीड़ित के अनुसार, वह पुराने मोबाइल फोन भी बेचने का काम करता था। मंगल ने 25 हजार रूपये का एक मोबाइल लिया और दस हजार रूपये देकर शेष रकम बाद में देने का वादा कर मोबाइल ले गया।28 जून तक शेष रकम न मिलने पर उसने मोबाइल मंगल से वापस ले लिया।

पीड़ित ने बताया कि कुछ दिनों बाद आरोपित फिर से अपने साथी के साथ उनकी दुकान पर आया और उसे आसान शर्तों पर ऋण दिलाने का भरोसा देकर उससे आधार कार्ड, पैन कार्ड समेत अन्य जरूरी दस्तावेज ले गया। बाद में बंधन बैंक के एक कर्मी के साथ दुकान पहुंचकर गोदाम और उसकी फोटो ले ली। बैंक कर्मी ने उसे चेक बुक, एटीएम और पासबुक उपलब्ध कराई, ऋण की प्रक्रिया पूरी कराने का हवाला देकर बैंक के कागज उन्हें अपने साथ ले गया।

पीड़ित ने बताया कि बाद में 19 और 20 जुलाई को मंगल फिर से शोरूम पर आया और 15 दिनों में लोन का काम पूरा होने का झांसा देकर वही पुराना मोबाइल पांच हजार रूपये देकर ले गया। 5 अगस्त को बंधन बैंक के मैनेजर का फोन आया और उसने खाते में हो रहे बड़े बड़े लेनदेन की जानकारी मांगी। जिस पर उसने बैंक खाता की डिटेल चेक की तो पता चला कि उसके खाते में विभिन्न राज्यों से साइबर ठगी की रकम जमा कराई गई है। जिसको देखकर उसके होश उड़ गए। जिसके बाद उसने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

साइबर थाना प्रभारी अर्जुन सिंह ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि मामले में बिलबई गांव निवासी मंगल समेत दो पर मुकदमा दर्ज किया गया है, मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी