home page

आंख में कुछ गिरा तो सड़क किनारे रोकी स्कूटी, पीछे से बाइक ने मार दी टक्कर, दो घायल

 | 

नाहन, 08 मई (हि.स.)।जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब में सड़क हादसा पेश आया, जहां नेशनल हाईवे पर स्कूटी सड़क किनारे खड़ी करने के दौरान पीछे से आई बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों वाहन चालक घायल हुए हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस थाना पांवटा साहिब में दर्ज शिकायत में देवास पुत्र दीपक वर्मा निवासी वार्ड नंबर 10, देवीनगर, पांवटा साहिब ने बताया कि वह अपनी स्कूटी एक्टिवा पर घूमने निकला था। बवेजा पेट्रोल पंप से टोल बैरियर के आगे नेशनल हाईवे पर चलते हुए अचानक उसकी आंख में कुछ चला गया, जिसके बाद वह स्कूटी सड़क किनारे खड़ी कर आंख साफ करने लगा।

एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि शिकायत में बताया गया कि इसी दौरान पीछे से आए मोटरसाइकिल ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी चालक देवास और मोटरसाइकिल चालक अब्दुल सत्तार निवासी किरतपुर, पुरुवाला घायल हो गए। प्रारंभिक जांच में मोटरसाइकिल चालक की तेज रफ्तारी और लापरवाही सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर