सुलतानपुर में कार की टक्कर से दो युवतियों की मौत
सुलतानपुर, 03 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जिला सुलतानपुर के गोसाईंगंज थाना क्षेत्र में सोमवार को एक सड़क हादसे में दो युवतियों की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, पार्वती (22) पुत्री लालू निषाद और मनकी (21) पुत्री ओमप्रकाश निषाद, सैफुल्लागंज से टाटियानगर चौराहे की ओर जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज गति की अनियंत्रित स्विफ्ट डिजायर कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को जिला चिकित्सालय भेजा गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने पहले पार्वती को मृत घोषित किया। इसके बाद उपचार के दौरान मनकी ने भी दम तोड़ दिया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है। हालांकि, कार चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने साक्ष्यों का संकलन शुरू कर दिया है।पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है तथा परिजनों से तहरीर प्राप्त होने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर सुनील कुमार सिंह ने सोमवार को बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फरार चालक की तलाश जारी है और उसे जल्द गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

