राजगढ़ःअलग-अलग जगह हुए सड़क हादसे में दो बाइक चालकों की मौत
राजगढ़,2 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में रविवार की रात हुए दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए दो सड़क हादसों में दो बाइक चालकों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों ही मामलों को जांच में लिया है।
जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर नरसिंहगढ़ थाना क्षेत्र में ग्राम तीजबड़ली जोड़ के नजदीक तेज रफ्तार बाइक अचानक रोड़ पर निकली गाय से टकरा गई, हादसे में बाइक चालक 19 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई वहीं उसके पीछे बैठे युवक को गंभीर चोटें लगी।बोड़ा थाना क्षेत्र में ग्राम भैंसाना जोड़ के समीप घुमावदार मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिससे 19 वर्षीय बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। नरसिंहगढ़ थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे और जीरो पर मर्ग कायम कर मामला संबंधित थाना के सुपुर्द किया।
नरसिंहगढ़ एसआई हबीर लखेरा के अनुसार बीती रात हाइवे-52 स्थित ग्राम तीजबड़ली मंदिर के नजदीक कुरावर तरफ से जा रही तेज रफ्तार बाइक अचानक रोड़ पर निकली गाय से टकरा गई। हादसे में बाइक चालक 19 वर्षीय रिंकू पुत्र अवधनारायण मीणा निवासी मलावर की मौके पर ही मौत हो गई वहीं बाइक पर पीछे बैठे बृज मीना को गंभीर चोटें लगी। सूचना पर पहुंचे एम्बूलेंस वाहन की मदद से उसे पोस्टमार्टम के लिए नरसिंहगढ़ अस्पताल पहुंचाया। बताया गया है कि बाइक सवार दोनों युवक कुरावर थाना के मानपुरा गुजराती में आयोजित शादी समारोह में शामिल होकर गांव लौट रहे थे तभी तीज बड़ली के समीप हादसे का शिकार हो गए। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरु की।
बोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम भैंसाना जोड़ के समीप तेज रफ्तार बाइक घुमावदार मोड़ पर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक चालक 19 वर्षीय विशाल पुत्र मांगीलाल मंडलोई की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया है कि युवक अपने बड़े भाई से घूमने जाने और आधा घंटे में लौटकर आने का बोलकर घर से निकला था। नरसिंहगढ़ थाना पुलिस ने जीरो पर मर्ग कायम कर मामला संबंधित बोड़ा थाना के सुपुर्द किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

