home page

जबलपुरः बरेला में लोहे की सरिया से लदा ट्रक पलटा, चालक-परिचालक घायल

 | 
जबलपुरः बरेला में लोहे की सरिया से लदा ट्रक पलटा, चालक-परिचालक घायल


जबलपुर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में बरेला थाना क्षेत्र के उदयपुर-बीजाडांडी मार्ग पर शनिवार को लोहे की सरिया से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में ट्रक चालक और परिचालक को मामूली चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना के कारण जबलपुर-मंडला मार्ग पर काफी देर तक यातायात बाधित रहा।

जानकारी के अनुसार, ट्रक मंडला से लोहे की सरिया लोड कर जबलपुर आ रहा था। उदयपुर से बरेला की ओर बढ़ते समय चालक को झपकी आ गई, जिससे वाहन पर से उसका नियंत्रण छूट गया और ट्रक पलट गया।

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए चालक और परिचालक को ट्रक के केबिन से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। ट्रक के पलटने से सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक