जबलपुर सड़क हादसा: नाले में गिरी तेज रफ्तार कार; चालक को निकालने में चला लंबा रेस्क्यू
जबलपुर, 03 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश जबलपुर में अधारताल थाना क्षेत्र में कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति निवास के सामने सोमवार रात 9 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। जबलपुर से सिहोरा की ओर जा रही एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गहरे और संकरे नाले में जा गिरी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना गंभीर था कि कार पलटकर नाले में उल्टी फंस गई। नाले की चौड़ाई लगभग कार के बराबर होने के कारण वाहन पूरी तरह जाम हो गया, जिससे राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के समय चालक की सीट बेल्ट लॉक हो गई थी, जिसके कारण वह स्वयं बाहर नहीं निकल सका। हादसे के करीब 40 मिनट बाद तक चालक और कार को नाले से बाहर नहीं निकाला जा सका था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया। स्थानीय लोगों की सहायता से कार में फंसे व्यक्ति को बाहर निकालने का प्रयास किया गया। संकरे नाले के कारण क्रेन और अन्य मशीनों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

