home page

जबलपुर: रिंग रोड निर्माण कार्य के दौरान दर्दनाक हादसा, रोड रोलर की चपेट में आने से युवक की मौत

 | 
जबलपुर: रिंग रोड निर्माण कार्य के दौरान दर्दनाक हादसा, रोड रोलर की चपेट में आने से युवक की मौत


जबलपुर, 30 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में सोमवार को रिंग रोड निर्माण कार्य के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। खमरिया थाना क्षेत्र के ग्राम अमझर में निर्माण कार्य के बीच एक अनियंत्रित रोड रोलर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, अमझर में रिंग रोड प्रोजेक्ट के तहत वीआरएस कंपनी द्वारा निर्माण कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक रोड रोलर अनियंत्रित हो गया और वहां से गुजर रहे बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।

फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक