home page

पाटन जबलपुर मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, एक की मौत, छह घायल

 | 
पाटन जबलपुर मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, एक की मौत, छह घायल


जबलपुर , 22 जुलाई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के जबलपुर जिले के पाटन-जबलपुर मार्ग पर बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। पाटन थाना प्रभारी गोपेन्द्र सिंह राजपूत ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 11 बजे एक ट्राला जबलपुर से भोपाल की ओर जा रहा था। नेमा मैरिज गार्डन के पास पहुंचने पर ट्राले की सामने से आ रही बिना नंबर की मारुति ईको कार से जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्राला और कार दोनों सड़क से अनियंत्रित होकर मैरिज गार्डन परिसर में जा घुसे। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के समय कार में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में तेंदूखेड़ा तहसील के मानपुरा निवासी अजय पटेल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं छह अन्य लोग घायल हो गए। इनमें से तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें तत्काल अस्पताल भेजा गया।

सूचना मिलते ही पाटन पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने ट्राले को जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। उल्लेखनीय है कि पाटन-जबलपुर मार्ग पर लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक