जबलपुरः घास से भरी ट्रैक्टर ट्राली पलटी, बाइक सवार दबा—हालत गंभीर
जबलपुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में गुरुवार को सिविल कोर्ट चौराहे पर एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। ट्राली में लदे घास के भारी बंडलों के नीचे दो बाइक सवार दब गए।
बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान एक युवक ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली, जबकि दूसरा युवक ट्राली के नीचे दब गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पास में खड़ी जेसीबी मशीन की मदद से ट्राली हटाई और घास के बंडलों के नीचे दबे युवक को बाहर निकाला।
घायल युवक की पहचान ग्राम कांटी निवासी रोहित चौधरी के रूप में हुई है। उसे तत्काल पाटन स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर चालक राकेश को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली को भी जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर-ट्राली में घास के बंडल लोड थे, जिन्हें पाटन से मनेरी प्लांट ले जाया जा रहा था। सिविल कोर्ट चौराहे पर मोड़ होने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
स्थानीय निवासी वीरेंद्र साहू का कहना है कि चौराहे पर स्पीड ब्रेकर नहीं होने के कारण वाहन तेज गति से गुजरते हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

