home page

जबलपुरः खितौला के ट्रक चालक की संदिग्ध मौत, चोट के निशान और खून से सना रॉड मिला

 | 
जबलपुरः खितौला के ट्रक चालक की संदिग्ध मौत, चोट के निशान और खून से सना रॉड मिला


जबलपुर, 11 अप्रैल (हि.स.)। सिहोरा परिवार चलाने ड्राइवरी करने को घर से निकले युवक की संदिग्ध मौत से परिजनों का बुरा हाल है, जिसका शव शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात को ट्रक में चोटिल अवस्था मे मिला जबकि घटनास्थल से महज कुछ मीटर की दूरी में खून से सना हुआ लोहे का रॉड मिला है, जिससे ट्रक चालक की मौत को हत्या के नजरिये से भी पुलिस छानबीन करने जुटी हुई है।

कटनी जिले के स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छपरा रजा मार्बल के नजदीक एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक स्वराज माजदा वाहन के चालक की रक्त रंजीत संदिग्ध परिस्थितियों में लाश पाई गई गई है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी और दहशत का माहौल बन गया है। मृतक की पहचान लखराम मोहल्ला वार्ड नंबर 14 खितौला सिहोरा जिला जबलपुर के राकेश दाहिया के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि राकेश पेशे से ट्रक ड्राइवर था और जबलपुर की स्वराज माजदा गाड़ी चला रहा था। परिजनों के अनुसार 10 अप्रैल 2026 को राकेश स्वराज माजदा लेकर कटनी गया था और वहां से बिलहरी से मटके लोड कर जबलपुर के लिए रवाना हुआ था लेकिन रास्ते में क्या हुआ, यह अब तक रहस्य बना हुआ है।

थाना प्रभारी सुदेश समन ने जानकारी देते हुए बताया कि 10 अप्रैल की देर रात करीब 2 बजे एनएचआई के माध्यम से सूचना मिली कि छपरा के आगे रजा मार्बल के पास एक गाड़ी खड़ी है, जिसमें एक शव मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया गया। वहीं, एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

घटनास्थल से लगभग 200 मीटर दूर एक खून लगा हुआ रॉड भी बरामद की गई है। फिंगरप्रिंट टीम द्वारा वाहन की बारीकी से जांच की गई है। मृतक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक