जबलपुर: गोरखपुर रोड पर डायल 112 वाहन को बस ने मारी टक्कर, पायलट घायल
जबलपुर, 06 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में गुरुवार को गोरखपुर रोड पर उस समय अफरातफरी मच गई, जब पीछे से आ रही एक बस ने पुलिस के डायल 112 वाहन को टक्कर मार दी। हादसे में डायल 112 वाहन का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि वाहन चला रहे पायलट नीरज भार्गव गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, गोरखपुर थाना क्षेत्र का डायल 112 वाहन महर्षि विद्या मंदिर के सामने से बंदरिया तिराहा की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आई बस ने वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डायल 112 का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में पायलट नीरज भार्गव के सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पायलट को तत्काल उपचार के लिए शासकीय अस्पताल भेजा। वहीं दुर्घटना में शामिल बस को जब्त कर लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद बस चालक ने मौके पर विवाद करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए उसे थाने ले गई। दुर्घटना के चलते गोरखपुर रोड पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति भी बनी रही। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

