सागर : बरमान घाट से लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप पलटी, दो की मौत, 12 घायल
सागर, 15 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के गौरझामर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए। हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर केसली तिराहे के पास उस समय हुआ, जब श्रद्धालुओं से भरा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गया।
जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन में सवार सभी लोग सोमवती अमावस्या के अवसर पर नर्मदा नदी के प्रसिद्ध बरमान घाट में स्नान कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान केसली तिराहे के समीप ब्रिज के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार वाहन डिवाइडर से टकराया और पलट गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद वाहन में सवार कई लोग अंदर फंस गए थे। सूचना मिलते ही गौरझामर थाना पुलिस, 108 एंबुलेंस और 112 एफआरवी की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हुए हैं। इनमें दो घायलों की हालत गंभीर बताई गई, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सागर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
दुर्घटना के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात बहाल कराया।
पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार के कारण वाहन के अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

