home page

(अपडेट) नांगलोई-नजफगढ़ रोड पर हादसा: डीटीसी बस की टक्कर से दो की मौत, दो घायल

 | 

नई दिल्ली, 09 मार्च (हि.स.)। नांगलोई–नजफगढ़ रोड पर सोमवार को हुए सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की एक बस की टक्कर से हुआ। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार हादसे में मरने वालों की पहचान 32 वर्षीय रविकांत शर्मा और 39 वर्षीय कमलजीत के रूप में हुई है। रविकांत शर्मा निहाल विहार के रहने वाले थे और घटना के समय स्कूटी पर सवार थे। वहीं, कमलजीत शिवराम पार्क के निवासी थे और बाइक चला रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं। इनमें 23 वर्षीय अमन, जो शिवराम पार्क का रहने वाला है, और 20 वर्षीय एक युवती शामिल है। दोनों बाइक पर सवार थे और टक्कर लगने के बाद गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक हादसा डीटीसी बस से हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू में किया।

पुलिस ने बताया कि इस घटना में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की जा रही हैं। पहली एफआईआर उस बस चालक के खिलाफ दर्ज की जा रही है, जिसकी लापरवाही से यह घातक हादसा हुआ। बस चालक की पहचान दीपक के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

दूसरी एफआईआर उन उपद्रवियों के खिलाफ दर्ज की जा रही है, जिन्होंने हादसे के बाद गुस्से में डीटीसी बस में तोड़फोड़ की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बस को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी