home page

जबलपुर : तेज रफ्तार डंपर का कहर: कई वाहनों को मारी टक्कर, बीच सड़क पर पलटा, क्षेत्र में हंगामा

 | 
जबलपुर : तेज रफ्तार डंपर का कहर: कई वाहनों को मारी टक्कर, बीच सड़क पर पलटा, क्षेत्र में हंगामा


जबलपुर, 18 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर के घमापुर क्षेत्र में गैस एजेंसी के पास गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर सड़क पर दौड़ पड़ा और कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। डंपर ने सड़क किनारे खड़े तथा गुजर रहे कई दोपहिया और चारपहिया वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डंपर चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद डंपर ने एक के बाद एक कई वाहनों को टक्कर मारते हुए बीच सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए हंगामा शुरू कर दिया।

सूचना मिलते ही घमापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने लोगों को समझाइश देकर शांत कराया तथा पलटे हुए डंपर को हटाने की कार्रवाई शुरू की। सड़क पर डंपर पलटने के कारण लंबा जाम लग गया, जिसे खुलवाने के लिए क्रेन की मदद ली गई।

पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं हादसे में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। सौभाग्यवश इस घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है, हालांकि कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक