सागर में दर्दनाक सड़क हादसा, दोस्त की शादी से लौट रहे अतिथि शिक्षक की मौत
सागर, 06 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जिले के जरुआखेड़ा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एक अतिथि शिक्षक की जान चली गई। वे अपने मित्र की शादी से लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, 42 वर्षीय ओमकार विश्वकर्मा, निवासी जलंधर, जामुनढाना के शासकीय स्कूल में अतिथि शिक्षक के रूप में पदस्थ थे। वे मंगलवार रात नरयावली में अपने एक दोस्त के विवाह समारोह में शामिल हुए थे और बुधवार सुबह बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान जरुआखेड़ा के पास यह हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सामने से आ रही कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मारी, जिससे बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार चालक भी वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क किनारे पलट गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस की मदद से घायल शिक्षक को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। बताया जा रहा है कि मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गए हैं। इस हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
जरुआखेड़ा पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग की है, क्योंकि यहां आए दिन इस तरह की घटनाएं सामने आती रहती हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

