home page

सागर: शादी से 10 दिन पहले संदिग्ध हादसे में युवती की मौत, परिजनों ने युवक पर लगाया हत्या का आरोप

 | 
सागर: शादी से 10 दिन पहले संदिग्ध हादसे में युवती की मौत, परिजनों ने युवक पर लगाया हत्या का आरोप


सागर, 10 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के नरयावली थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक संदिग्ध सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवती की जान चली गई। जरुआखेड़ा के पास हुई इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और शोक का माहौल है।

जिस घर में 21 अप्रैल को बेटी की डोली उठने वाली थी, वहां अब उसकी अर्थी उठने की तैयारी हो रही है। परिजनों ने इसे महज हादसा मानने से इनकार कर दिया और साथ में मौजूद युवक पर गंभीर आरोप लगाए।

ग्रामीणों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार शाम एक विशेष वर्ग का युवक युवती को बाइक पर लेकर जरुआखेड़ा की ओर जा रहा था। रास्ते में एक मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, युवती के सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौके पर ही या अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। चौंकाने वाली बात यह रही कि इस भीषण टक्कर के बावजूद बाइक चला रहे युवक को कोई गंभीर चोट नहीं आई।

अस्पताल पहुंचे परिजनों ने जमकर हंगामा किया। उनका कहना है कि युवती की शादी तय हो चुकी थी । युवक युवती को लंबे समय से परेशान और ब्लैकमेल कर रहा था। आशंका है कि उसे डरा-धमकाकर मिलने बुलाया या उसे भगाकर ले जाया जा रहा था।

परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या करार देते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

तनावपूर्ण स्थिति देखते हुए पुलिस बल अस्पताल और घटना स्थल पर तैनात किया गया। हिंदू संगठनों के प्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे और मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की।

नरयावली थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह जोहरिया ने बताया: शुरुआती तौर पर यह सड़क दुर्घटना का मामला लग रहा है, जिसमें बाइक रेलिंग से टकराई है। सिर की चोट युवती के लिए घातक सिद्ध हुई। हमने युवक को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ की जा रही है। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिससे मौत की असली वजह सामने आएगी।

यह घटना कई सवाल खड़े करती है, खासकर युवक का पूरी तरह सुरक्षित बचना और युवती का गंभीर रूप से घायल होना। पुलिस अब कॉल डिटेल्स और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे