नेशनल हाईवे 30 पर दर्दनाक हादसा, ट्रक की टक्कर से युवक की मौत
जबलपुर, 13 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के सीहोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-30 पर ग्राम धनगवां के पास बुधवार हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए सिहोरा के शासकीय सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उदय उपाध्याय पुत्र प्रदीप उपाध्याय (32) निवासी ग्राम कोंडिया बुधवार सुबह अपनी बाइक से दवाइयां लेने जबलपुर जा रहा था। जैसे ही वह नेशनल हाईवे-30 स्थित धनगवां के पास पहुंचा, तभी ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची सिहोरा पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। वहीं दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर सिहोरा थाने में खड़ा कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

