राजगढ़ में दर्दनाक हादसा: कार का फाटक खुलने से बाइक सवार शिक्षक गिरा, ट्रैक्टर से कुचलकर मौत
राजगढ़, 04 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के बोड़ा थाना क्षेत्र में बुधवार को सड़क हादसे में एक अतिथि शिक्षक की दर्दनाक मौत हो गई। विद्युत मंडल कार्यालय के सामने सड़क किनारे खड़ी कार का अचानक फाटक खुलने से बाइक सवार शिक्षक उससे टकराकर सड़क पर गिर गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे ट्रैक्टर का पहिया उसके ऊपर से निकल गया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए गए शिक्षक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे का घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम लसूड़लिया जागीर निवासी रामबाबू (45) पुत्र रूपलाल वर्मा मोटरसाइकिल से बोरखेड़ा स्कूल जा रहे थे। वह वहां अतिथि शिक्षक के रूप में कार्यरत थे। इसी दौरान विद्युत मंडल कार्यालय के सामने सड़क किनारे खड़ी एक कार का अचानक फाटक खुल गया। इससे रामबाबू की बाइक टकरा गई और वह संतुलन बिगड़ने से सड़क पर गिर पड़े। तभी वहां से गुजर रहे ट्रैक्टर का पहिया उनके ऊपर से निकल गया।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। गंभीर रूप से घायल रामबाबू को तत्काल शासकीय अस्पताल बोड़ा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया।
रामबाबू की मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक छा गया। उनके दो बेटे हैं। परिवार में उनका भाई भी शिक्षक है। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। वहीं, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हादसे के घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में लिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

