जबलपुरः चलती कार में लगी आग, आरक्षकों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
जबलपुर, 27 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में सिविल लाइन क्षेत्र में स्थित एसपी बंगले के पास शुक्रवार शाम एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब चलती कार में अचानक आग लग गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन वहां तैनात पुलिसकर्मियों की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाम करीब 5 बजे एक सफेद ब्रेजा कार (एमपी 20 जेडजे 0374) लोहिया पुल से सिविल लाइन की ओर जा रही थी। जैसे ही वाहन एसपी बंगले के समीप पहुंचा, उसमें अचानक आग लग गई। आग लगते ही कार सवार लोग तुरंत वाहन से उतरकर सुरक्षित दूरी पर चले गए। कार में आग तेजी से फैलने लगी, जिससे आसपास से गुजर रहे लोगों में दहशत का माहौल बन गया और उन्होंने एहतियातन अपने वाहन दूर खड़े कर लिए।
इसी दौरान एसपी बंगले में तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए फायर एक्सटिंग्विशर और पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। करीब 15 से 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। इस दौरान आरक्षक शिवराज, सौरभ तिवारी, दीपक कनौजिया, मुकेश परिहार और पवन तिवारी की सूझबूझ और तत्परता से स्थिति नियंत्रित हो सकी।
घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, हालांकि कार को आंशिक नुकसान पहुंचा है। पुलिस द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

