home page

तेज रफ्तार बस ने युवक को कुचला, भीड़ ने लगाई आग

 | 
तेज रफ्तार बस ने युवक को कुचला, भीड़ ने लगाई आग


जोधपुर, 04 अप्रैल (हि.स.)। शहर में शनिवार को एक दर्दनाक सडक़ हादसे के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। जोधपुर से जैसलमेर जा रही एक तेज रफ्तार लोक परिवहन बस ने बाइक को टक्कर मार दी थी। इससे बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। गुस्साए लोगों ने बस को आग लगा दी। घटना केरू क्षेत्र के लोरडी बस स्टैंड की है।

राजीव गांधी नगर थानाधिकारी रवींद्रपाल सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान लोरडी देजगरा निवासी राजूराम (35) पुत्र पुनाराम भील के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस की रफ्तार तेज थी। इस दौरान बस स्टैंड क्षेत्र में ड्राइवर काबू नहीं रख पाया। इसके चलते यह हादसा हुआ।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला। मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। बस ड्राइवर के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।

गुस्साई भीड़ ने कुछ ही देर में बस को आग के हवाले कर दिया। आग लगने से बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। हालात को नियंत्रित करने के प्रयास शुरू किए। अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात कर भीड़ को शांत किया गया। दमकल की सहायता से आग पर काबू पाया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश