home page

जबलपुर : नर्मदा पुल पर भीषण सड़क हादसा, डंपर की टक्कर से दो युवकों की मौत, महिला गंभीर घायल

 | 
जबलपुर : नर्मदा पुल पर भीषण सड़क हादसा, डंपर की टक्कर से दो युवकों की मौत, महिला गंभीर घायल


जबलपुर, 15 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के नागपुर नेशनल हाईवे पर सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि टक्कर के बाद बाइक में आग लग गई और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार हादसा बरगी थाना क्षेत्र और गौर पुलिस चौकी के बीच स्थित नर्मदा नदी पुल पर हुआ। बताया जा रहा है कि बरगी की ओर से आ रही बाइक को सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर (क्रमांक MP-34-ZF-6543) ने जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि बाइक पर सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही गौर चौकी प्रभारी नितिन पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायल महिला को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

हादसा बरगी थाना क्षेत्र में होने के कारण बरगी पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक बरगी से गौर की ओर जा रहे थे। फिलहाल उनकी पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। दुर्घटनाग्रस्त डंपर को जब्त कर लिया गया है तथा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक