home page

जबलपुर : रिंग रोड निर्माण में लगी क्रेन ने बाइक सवार परिवार को मारी टक्कर, महिला गंभीर

 | 
जबलपुर : रिंग रोड निर्माण में लगी क्रेन ने बाइक सवार परिवार को मारी टक्कर, महिला गंभीर


जबलपुर, 01 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में बेलखाड़ू स्थित ग्राम झगरा में मंगलवार को रिंग रोड निर्माण कार्य में लगी क्रेन ने बाइक सवार दंपती और उनके दो बच्चों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार मंजू उछलकर दूर जा गिरीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। हादसे में उनके पति आकाश और दोनों बच्चे सुरक्षित हैं।

बेलखाड़ू चौकी प्रभारी अमित मिश्रा के अनुसार करारी मनकवारा निवासी मंजू रक्षाबंधन पर मायके गई थीं। सोमवार शाम उनके पति आकाश उन्हें लेने पहुंचे थे। मंगलवार सुबह आकाश पत्नी और दोनों बच्चों को बाइक से लेकर झगरा स्थित घर लौट रहे थे। इसी दौरान झगरा के पास सामने से आ रही रिंग रोड निर्माण कार्य में लगी क्रेन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही बाइक सवार चारों लोग सड़क किनारे जा गिरे। मंजू उछलकर कुछ दूरी पर जा गिरीं और उन्हें गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें उठाकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।

सूचना मिलते ही बेलखाड़ू चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। डीएसपी बीएस गठोरिया ने बताया कि आकाश और दोनों बच्चे सुरक्षित हैं, जबकि मंजू की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने हादसे में शामिल क्रेन को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक