जबलपुर: आईटी पार्क रोड पर भीषण हादसा, स्कूटी सवार 15 वर्षीय किशोरी की मौत, छोटी बहन गंभीर
जबलपुर, 01 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में तिलवारा थाना क्षेत्र के बरगी हिल्स स्थित आईटी पार्क रोड पर रविवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में 15 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई, जबकि उसकी छोटी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों बहनें स्कूटी से जा रही थीं, तभी स्कूटी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में स्कूटी के परखच्चे उड़ गए।
पुलिस के अनुसार, रीवा निवासी परिवार वर्तमान में हनुमानताल के सिंधी कैंप क्षेत्र में रह रहा है। रविवार सुबह करीब 10 बजे किशोरी जान्हवी अपनी छोटी बहन को स्कूटी पर बैठाकर घर से निकली थी। दोनों बरगी हिल्स स्थित आईटी पार्क के सामने से गुजर रही थीं, तभी जान्हवी स्कूटी से संतुलन खो बैठी और वाहन सीधे डिवाइडर से जा टकराया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि जान्हवी के सिर में गंभीर चोटें आईं, जबकि उसकी छोटी बहन उछलकर सड़क पर दूर जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और दोनों बहनों को मेडिकल अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद जान्हवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उसकी छोटी बहन की हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण उसे भर्ती कर उपचार शुरू किया गया है।
सूचना मिलने पर तिलवारा पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त स्कूटी को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए परिजनों को सूचना दे दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

