home page

सागर : साजली पुल से नीचे गिरी बाइक, युवक की मौके पर मौत

 | 
सागर : साजली पुल से नीचे गिरी बाइक, युवक की मौके पर मौत


सागर, 16 मई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के सागर-गढ़ाकोटा मार्ग पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की जान चली गई। साजली पुल के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट नीचे जा गिरी, जिससे बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार धर्माश्री क्षेत्र निवासी 24 वर्षीय पंकज लड़िया अपने निजी काम से मोटरसाइकिल से गढ़ाकोटा की ओर जा रहा था। इसी दौरान सागर-गढ़ाकोटा रोड स्थित साजली पुल के पास अचानक उसकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया। बाइक पुल की रेलिंग पार करते हुए सीधे नीचे जा गिरी।

ऊंचाई से गिरने के कारण युवक को गंभीर चोटें आईं और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे को देख राहगीरों ने तुरंत सानौधा थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

पुलिस ने मृतक की पहचान पंकज लड़िया पुत्र बालकिशन लड़िया के रूप में की। बताया गया है कि मृतक अविवाहित था। उसके पिता सागर स्थित फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) में क्लर्क के पद पर कार्यरत हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।

परिजनों की मौजूदगी में पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। सानौधा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा बाइक फिसलने से हुआ या फिर किसी अन्य वाहन की टक्कर के कारण बाइक अनियंत्रित हुई।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे