राजगढ़ःअज्ञात डंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, सड़क पर बिखरे शराब के क्वार्टर
राजगढ़, 18 मार्च(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर देहात ब्यावरा थाना क्षेत्र में ग्राम अभयपुरा जोड़ के नजदीक बुधवार दोपहर तेज रफ्तार अज्ञात डंपर ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 26 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, साथ ही सड़क पर शराब के क्वार्टर बिखर गए।
।
पुलिस के अनुसार हाइवे स्थित ग्राम अभयपुरा जोड़ के नजदीक राजगढ़ तरफ से जा रहे तेज रफ्तार अज्ञात डंपर ने बाइक क्रमांक एमपी 39 जेड़जी 9560 को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक 26 वर्षीय दिनेश पुत्र उदयसिंह बंजारा निवासी लाबावे थाना कालीपीठ की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सड़क पर शराब के क्वार्टर बिखर गए।
जानकारी के अनुसार दिनेश ग्राम कटारियाखेड़ी से शराब के क्वार्टर लेकर गांव जा रहा था, जैसे ही वह अभयपुरा जोड़ के समीप पहुंचा तभी सामने से जा रहे अज्ञात डंपर ने इतनी तेज रफ्तार में टक्कर मारी कि उसे बचने का कोई मौका नही मिला। घटना के बाद डंपर चालक फरार हो गया। सूचना मिलने पर देहात ब्यावरा थाना क्षेत्र की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल ब्यावरा भेजा, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक विवाहित था और अपने पीछे दो छोटी बेटियां व एक बेटा छोड़ गया है। जमीन न होने के कारण वह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। पुलिस ने फरार डंपर चालक के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

