राजगढ़ः तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से युवक की मौत, मामला दर्ज
राजगढ़, 30 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ छापीहेड़ा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार बाइक की सामने से हुई टक्कर में 28 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना ग्राम रनारा रोड स्थित दांगी दूध डेयरी के सामने की बताई जा रही है।पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा और बाइक चालक के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया।
पुलिस के अनुसार, बाइक चालक सूरज पुत्र नरेन्द्र कुशवाह, निवासी छापीहेड़ा, अपनी बाइक तेज रफ्तार में चला रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक को उसने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दूसरी बाइक चला रहे पवन(28)पुत्र कंवरलाल कुशवाह निवासी छापीहेड़ा, गंभीर रूप से घायल हो गया,जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तथा मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा।
सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के भाई गिरिराज कुशवाह की रिपोर्ट पर आरोपी बाइक चालक सूरज कुशवाह के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

