राजगढ़ः हाइवे पर गाय से टकराकर फिसली बाइक, युवक गंभीर घायल
राजगढ़,24 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर ग्राम धनोरा जोड़ के समीप मंगलवार को तेज रफ्तार बाइक सड़क पर गाय से टकराकर अनियंत्रित हो गई और फिसल गई। हादसे में बाइक चालक 35 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे एंबुलेंस की मदद से सारंगपुर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर शाजापुर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम भवानीपुरा निवासी संजय पुत्र भंवरलाल दांगी बाइक से सारंगपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान ग्राम धनोरा जोड़ के पास उसकी तेज रफ्तार बाइक अचानक सड़क पर आई गाय से टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई। हादसे में संजय को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर एंबुलेंस की मदद से घायल को सारंगपुर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे शाजापुर रेफर कर दिया। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

