कॉलेज प्रबंधन से 20 हजार रुपये रिश्वत लेते आरआईओ गिरफ्तार
हैदराबाद, 09 सितंबर (हि.स.)। तेलंगाना भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बुधवार को संगारेड्डी के क्षेत्रीय निरीक्षण अधिकारी (आरआईओ) आर. गोविंदराम को एक जूनियर कॉलेज प्रबंधन से 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोप है कि अधिकारी ने कॉलेज के पक्ष में सकारात्मक निरीक्षण रिपोर्ट देने के एवज में 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। प्रबंधन की शिकायत पर एसीबी ने जाल बिछाकर यह कार्रवाई की।
एसीबी के मुताबिक, आरआईओ गोविंदराम ने हाल ही में संगारेड्डी स्थित एक जूनियर कॉलेज का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के बाद उन्होंने कॉलेज प्रबंधन से अनुकूल रिपोर्ट देने के लिए 50 हजार रुपये की मांग की। प्रबंधन ने कथित तौर पर पहली किस्त के रूप में उन्हें 30 हजार रुपये का भुगतान कर दिया था। इसके बाद गोविंदराम ने शेष 20 हजार रुपये देने के लिए प्रबंधन पर लगातार दबाव बनाया।
रिश्वत की दूसरी किस्त की मांग से परेशान कॉलेज प्रबंधन ने एसीबी से संपर्क किया। शिकायत की पुष्टि के बाद अधिकारियों ने आरआईओ को रंगे हाथों पकड़ने की योजना बनाई। बुधवार को मेडक के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) सुदर्शन रेड्डी के नेतृत्व में एसीबी की टीम ने जाल बिछाया।
योजना के तहत कॉलेज प्रबंधन ने संगारेड्डी स्थित आरआईओ कार्यालय में गोविंदराम को 20 हजार रुपये दिए। रिश्वत की रकम लेते ही एसीबी की टीम ने उन्हें पकड़ लिया। अधिकारियों ने उनके कब्जे से रिश्वत की रकम बरामद कर ली और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।
एसीबी अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है। जांच के दौरान रिश्वत मांगने और लेने से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

