home page

जेईएन दस हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

 | 
जेईएन दस हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार


उदयपुर, 31 अगस्त (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने उदयपुर में रिश्वतखोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एवीवीएनएल के देबारी कार्यालय में तैनात जेईएन सागर मीणा को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपित पर निर्माणाधीन मकान पर घरेलू विद्युत कनेक्शन करने की एवज में परिवादी से रिश्वत मांगने का आरोप है।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता के मुताबिक, एसीबी उदयपुर इकाई को शिकायत मिली थी कि परिवादी के गांव खाम की मादड़ी स्थित निर्माणाधीन मकान पर घरेलू बिजली कनेक्शन करने के लिए जेईएन सागर मीणा रिश्वत की मांग कर परेशान कर रहा है। परिवादी ने ई-मित्र के माध्यम से घरेलू विद्युत कनेक्शन के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था।

शिकायत के अनुसार, 18 अगस्त को जेईएन सागर मीणा और लाइनमैन प्रेम ने मौके पर पहुंचकर सर्वे किया। सर्वे में कनेक्शन के लिए डीपी और पोल लगाए जाने की आवश्यकता बताई गई। आरोप है कि जेईएन ने सरकारी डिमांड राशि के अतिरिक्त 35 हजार रुपये खर्चा-पानी के रूप में मांगे। बाद में बातचीत के बाद रिश्वत की राशि 15 हजार रुपये तय हुई और कथित तौर पर कहा गया कि राशि दिए बिना फाइल आगे नहीं बढ़ेगी।

एसीबी ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। सत्यापन के दौरान आरोपित ने परिवादी से 5 हजार रुपये पहले ही ले लिए और शेष 10 हजार रुपये बाद में लेना तय हुआ।

इसके बाद उपमहानिरीक्षक पुलिस डॉ. रामेश्वर सिंह के पर्यवेक्षण एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनन्त कुमार के निर्देशन में पुलिस निरीक्षक रामसुमेर मीणा ने टीम के साथ ट्रैप कार्रवाई की। टीम ने सागर मीणा को उसके कार्यालय में परिवादी से शेष 10 हजार रुपये नकद लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक एस. परिमला के पर्यवेक्षण में आरोपी के उदयपुर और बांसवाड़ा स्थित आवासीय मकान एवं फ्लैट की सघन तलाशी जारी है। आरोपी से पूछताछ कर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज करते हुए अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता