home page

नदबई अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी के लिए 35 हजार की रिश्वत लेते दलाल गिरफ्तार

 | 
नदबई अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी के लिए 35 हजार की रिश्वत लेते दलाल गिरफ्तार


जयपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की धौलपुर चौकी ने गुरुवार को ट्रेप कार्रवाई करते हुए राजकीय चिकित्सालय नदबई, जिला भरतपुर के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. शशिकान्त शर्मा के लिए 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते दलाल त्रिलोकचन्द शर्मा उर्फ चीनू को गिरफ्तार किया। एसीबी ने वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. शशिकान्त शर्मा को उनके सरकारी आवास से डिटेन किया है।

एसीबी महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता के अनुसार परिवादी ने धौलपुर चौकी में शिकायत दी थी कि उसने नदबई थाने में मारपीट का मामला दर्ज कराया था। मामले में उसके परिजनों को आई चोटों का मेडिकल परीक्षण राजकीय चिकित्सालय नदबई में कराया जाना था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि मेडिकल रिपोर्ट में गंभीर प्रकृति की रिपोर्ट (हैवी एमएलसी) बनाने के एवज में वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. शशिकान्त शर्मा अपने दलाल त्रिलोकचन्द शर्मा के माध्यम से 35 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे थे।

शिकायत के बाद एसीबी ने गोपनीय सत्यापन कराया, जिसमें डॉ. शशिकान्त शर्मा द्वारा अपने दलाल के माध्यम से 35 हजार रुपये की रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद एसीबी धौलपुर चौकी के पुलिस उपाधीक्षक प्रेमचन्द मीणा के नेतृत्व में टीम ने ट्रेप कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान त्रिलोकचन्द शर्मा उर्फ चीनू को 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। रिश्वत की राशि उसकी पेंट की जेब से बरामद हुई। वहीं वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. शशिकान्त शर्मा को उनके सरकारी आवास से डिटेन किया गया। एसीबी मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश