बांसवाड़ा में पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते वनरक्षक गिरफ्तार
बांसवाड़ा, 01 अक्टूबर (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो मुख्यालय के निर्देश पर बांसवाड़ा इकाई ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। गढ़ी वन रेंज के तलवाडा वन नाका पर तैनात वनरक्षक भूपेश पाटीदार को परिवादी से पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।
यह मामला तब सामने आया जब परिवादी ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई कि वह वन विभाग के बाहरी क्षेत्र की वन भूमि पर लंबे समय से काबिज होकर कृषि कार्य कर रहा था। इस भूमि के पट्टे के सत्यापन और पत्रावली को आगे बढ़ाने की एवज में आरोपित वनरक्षक भूपेश पाटीदार द्वारा लगातार रिश्वत की मांग की जा रही थी।
30 सितंबर 2026 को एसीबी द्वारा मोबाइल वार्ता के माध्यम से रिश्वत की मांग का सत्यापन कराया गया था। इस दौरान आरोपित ने पहले छह हजार रुपये मांगे और परिवादी के निवेदन करने पर पांच हजार रुपये लेने की सहमति जताई।
एसीबी उदयपुर रेंज के उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरवीजन तथा बांसवाड़ा के पुलिस उप अधीक्षक रतन सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में गठित टीम ने सफल ट्रेप कार्रवाई करते हुए आरोपित को परिवादी से पांच हजार रुपये की रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में आरोपित से पूछताछ जारी है तथा उसके निवास स्थान की भी तलाशी ली जा रही है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुभाष

