home page

व्हीआर एकेडमी में लाखों की चोरी, 24 घंटे में दो आरोपित गिरफ्तार

 | 
व्हीआर एकेडमी में लाखों की चोरी, 24 घंटे में दो आरोपित गिरफ्तार


रायपुर, 01 सितंबर (हि.स.)। उरला थाना क्षेत्र के बीरगांव कैलाश नगर स्थित व्हीआर एजुकेशन एकेडमी में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से 4 लाख 97 हजार 500 रुपये की चोरी की रकम बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, एकेडमी की संचालक प्रगति वर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 31 अगस्त की रात करीब 12:06 से 12:48 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति एकेडमी का ताला तोड़कर अंदर घुसा और आलमारी के लॉकर में रखी नकदी चोरी कर फरार हो गया।

ट्रेन से उज्जैन भाग रहे थे आरोपित

घटना की सूचना मिलते ही उरला पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने एकेडमी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही एकेडमी से जुड़े लोगों से पूछताछ की गई और मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि, आरोपित चोरी करने के बाद ट्रेन से उज्जैन की ओर भाग गए हैं। इसके बाद पुलिस ने आरपीएफ भिलाई और बैतूल (मध्यप्रदेश) से संपर्क किया। पुलिस की सूचना पर दोनों आरोपितों को बैतूल में हिरासत में ले लिया गया।

दोनों आरोपितों को रायपुर लाकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उन्होंने एकेडमी में चोरी करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर चोरी की 4,97,500 रुपये की रकम बरामद कर ली।

पुलिस ने आरोपितों की पहचान चित्रांश सेन (18वर्ष ), निवासी खमतराई रायपुर और फिरोज साहू (19वर्ष ), निवासी कैलाश नगर बीरगांव, उरला रायपुर के रूप में की है।

पुलिस के मुताबिक, चित्रांश सेन के खिलाफ पहले भी खमतराई थाने में दो मामले दर्ज हैं। इनमें एक मारपीट और दूसरा मोटरसाइकिल चोरी का मामला शामिल है। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर