राजगढ़ः नगरपालिका अध्यक्ष ने दूसरी पत्नी पर डेढ़ करोड़ की ब्लैकमेलिंग का लगाया आरोप, मामला दर्ज
राजगढ़, 08 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ नगरपालिका अध्यक्ष एवं भाजपा नेता विनोद साहू ने अपनी दूसरी पत्नी पर ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने बुधवार को शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पुरा मोहल्ला निवासी 46 वर्षीय विनोद साहू ने शिकायत में बताया कि उनकी दूसरी पत्नी किरण मांझी, जो पेशे से नर्स हैं, 8 मई 2026 से उनसे डेढ़ करोड़ रुपये की मांग कर रही हैं। उनका आरोप है कि राशि नहीं देने पर किरण मांझी आत्महत्या करने की धमकी देकर उन्हें लगातार मानसिक दबाव में रख रही थीं। शिकायत के अनुसार, यह घटनाक्रम अस्पताल के पास स्थित उनके मकान पर हुआ। नगरपालिका अध्यक्ष विनोद साहू ने लगातार मिल रही कथित धमकियों से परेशान होकर कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(4) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।
कोतवाली थाना पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

