home page

एनडीपीएस केसों में शिकंजा, यूपी से दो फरार वारंटी गिरफ्तार

 | 
एनडीपीएस केसों में शिकंजा, यूपी से दो फरार वारंटी गिरफ्तार


रायपुर, 14 जुलाई (हि.स.)। एनडीपीएस मामलों में लंबित ट्रायल को गति देने और दोषसिद्धि बढ़ाने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। थाना गंज पुलिस ने उत्तर प्रदेश से दो ऐसे आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जो जमानत मिलने के बाद फरार हो गए थे और लंबे समय से अदालत में पेश नहीं हो रहे थे।

पुलिस ने आज बताया कि दोनों आरोपित थाना गंज में दर्ज एनडीपीएस मामलों में गिरफ्तार हुए थे, लेकिन जमानत पर रिहा होने के बाद बेल जंप कर फरार हो गए। उनकी लगातार गैरहाजिरी के कारण विशेष न्यायालय (एनडीपीएस), रायपुर ने उनके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किए थे। दोनों मामलों का ट्रायल अंतिम चरण में पहुंच चुका था, लेकिन आरोपितों की अनुपस्थिति के कारण फैसला लंबित था।

पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) तारकेश्वर पटेल के निर्देशन में गठित टीम ने प्रयागराज निवासी योगेश हरिजन (27वर्ष ) और जौनपुर निवासी जयबिग वर्मा (32वर्ष ) को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर रायपुर लाया। दोनों को विशेष न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आज न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

रायपुर पुलिस ने बताया कि, ट्रायल मॉनिटरिंग अभियान के तहत लंबित मामलों की लगातार समीक्षा की जा रही है और दूसरे राज्यों में छिपे बेल जंपर आरोपितों की तलाश के लिए विशेष टीमें भेजी जा रही हैं।

पुलिस के मुताबिक, 30 जून 2026 तक एनडीपीएस मामलों में दोषसिद्धि के परिणाम बेहतर हुए हैं। कुल दोषसिद्धि प्रकरण 89 से बढ़कर 128 हो गए हैं, जबकि दोषसिद्ध अपराधियों की संख्या 161 से बढ़कर 206 पहुंच गई है। वहीं 10 वर्ष से अधिक सजा वाले मामलों में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।

पुलिस का कहना है कि, फरार आरोपितों की गिरफ्तारी और ट्रायल की प्रभावी मॉनिटरिंग से आगे भी ऐसे परिणाम मिलने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर