10 हजार का इनामी फरार दुष्कर्म का आरोपित गिरफ्तार
कांकेर, 12 जून (हि.स.)। जिले की पुलिस ने घर में घुसकर दुष्कर्म करने वाले 10 हजार रुपये के इनामी फरार आरोपित काे मोहला-मानपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे आज शुक्रवार काे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल दाखिल कर दिया गया।
घटना के बाद से आरोपित लगातार फरार था और गिरफ्तारी से बचने के लिए अपना ठिकाना बदल रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक राखेचा ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता ने थाना भानुप्रतापपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपित कैलाश नेताम (39 वर्ष) निवासी ग्राम आमाकड़ा उसका परिचित था। आरोपित ने अपनी जरूरत बताकर लगभग दो वर्ष पहले पीड़िता से दो किस्तों में कुल 1.50 लाख रुपये उधार लिए थे। कई बार पैसे वापस मांगने पर आरोपित उसे प्रताड़ित करने लगा और पैसे लौटाने के बदले संबंध बनाने का दबाव डालते हुए अशोभनीय बातें करता था। 19 मार्च 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे आरोपित पीडि़ता के घर पहुंचकर उससे जबरन दुष्कर्म किया।
आरोपित ने घटना की जानकारी किसी को देने पर पीड़िता और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी थी। इसके बाद पीड़िता ने 21 अप्रैल 2026 को थाना भानुप्रतापपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि आरोपित मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के कोहका थाना क्षेत्र स्थित ग्राम कामखेड़ा में छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

