रायपुर : फरार हिस्ट्रीशीटर गौरव हेपट गिरफ्तार, अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद
रायपुर, 30 जून (हि. स.)। हत्या के प्रयास के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर आरोपित गौरव हेपट को रायपुर पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित के कब्जे से एक अवैध पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। इस मामले में उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग से प्रकरण भी दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, थाना डी.डी. नगर में दर्ज अपराध क्रमांक 409/2025 के तहत हत्या के प्रयास के मामले में आरोपित गौरव हेपट घटना के बाद से फरार था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
लंबित गंभीर मामलों की समीक्षा के दौरान पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना डी.डी. नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ ही तकनीकी विश्लेषण और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देकर आरोपित की गतिविधियों पर नजर रखी।
इसी दौरान पुलिस को गौरव हेपट के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना मिली। सूचना के आधार पर टीम ने योजनाबद्ध घेराबंदी कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में वह हथियार से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पूछताछ में आरोपित ने फरारी के दौरान दमन-दीव, बिलासपुर और धमतरी में अलग-अलग स्थानों पर रहकर पुलिस से बचने का प्रयास करना स्वीकार किया है। पुलिस अब उन लोगों और स्थानों की भी जांच कर रही है, जहां आरोपित ने फरारी के दौरान शरण ली थी।
पुलिस ने आरोपित को हत्या के प्रयास के मामले में गिरफ्तार करने के साथ ही बरामद अवैध हथियार और कारतूस के संबंध में आर्म्स एक्ट के तहत अलग से अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, गौरव हेपट थाना कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ रायपुर के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, मारपीट, आर्म्स एक्ट, नारकोटिक्स समेत एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

