जबलपुर में लापता 4 साल के मासूम का तालाब में मिला शव, गांव में मचा हड़कंप
जबलपुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के गौर क्षेत्र के सालीबाड़ा गांव में चार वर्षीय मासूम ध्रुव गौड़ का शव मंगलवार सुबह गांव के तालाब में मिलने से सनसनी फैल गई। बच्चा सोमवार दोपहर घर के बाहर खेलते समय लापता हो गया था। रातभर तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चल सका। सुबह तालाब में शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, रवि गौड़ का चार वर्षीय बेटा ध्रुव सोमवार दोपहर करीब 12 बजे घर के पास खेल रहा था। शाम को मजदूरी से लौटने पर पिता को बच्चा घर पर नहीं मिला। परिजनों ने मोहल्ले, रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद देर रात गौर चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने टीमें गठित कर बच्चे की तलाश शुरू की। पुलिस और ग्रामीणों ने रातभर संभावित स्थानों पर खोजबीन की। मंगलवार सुबह गांव के तालाब में बच्चे का शव उतराता दिखाई दिया। स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मासूम की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

