नाबालिग से दुष्कर्म का फरार आरोपित गिरफ्तार
नारायणपुर, 14 मई (हि.स.)। जिले में महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर नारायणपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई उपरांत आराेपित काे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपित प्रमोद मड़ावी (25) निवासी मुरियापारा, थाना नारायणपुर को पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर घेराबंदी कर आज गुरूवार काे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64, 64(2) (एम), 65(1), 351 (2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत कार्रवाई उपरांत रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना नारायणपुर में नाबालिग के साथ दुष्कर्म का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर आरोपित की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपित मुरियापारा क्षेत्र में मौजूद है। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपित ने अपराध स्वीकार कर लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

