home page

जांजगीर-चांपा: घर में घुसकर मारपीट मामले का फरार आरोपित गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा

 | 
जांजगीर-चांपा: घर में घुसकर मारपीट मामले का फरार आरोपित गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा


जांजगीर-चांपा, 02 अप्रैल (हि. स.)। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में घर में घुसकर मारपीट करने के मामले में फरार आरोपित को गिरफ्तार करने में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने आरोपित पंकज कश्यप (25 वर्ष), निवासी ब्यासनगर वार्ड नंबर 10, थाना पामगढ़ को गिरफ्तार कर आज गुरुवार काे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता दिलेश्वरी यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 23 मार्च 2026 की सुबह करीब 10 बजे वह अपने परिवार के साथ घर में मौजूद थीं। इसी दौरान घर के बाहर कुछ लोग आपस में झगड़ा करते हुए अश्लील गाली-गलौज कर रहे थे। जब उन्होंने जाकर देखा तो गांव के शैलेन्द्र साहू, राजकुमार धीवर, अंशु पटेल और उनके अन्य साथी वहां मौजूद थे।

पीड़िता के जेठ गुलशन श्रीवास द्वारा उन्हें गाली-गलौज से मना करने पर सभी आरोपित भड़क गए और धमकी देने लगे। इसके बाद जब परिवार के सदस्य बाहर आए तो आरोपिताें ने उनके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। डर के कारण पीड़ित परिवार घर के अंदर चला गया, लेकिन कुछ देर बाद आरोपित बेल्ट, ईंट और डंडे लेकर फिर से पहुंचे और दरवाजा तोड़कर घर में घुस गए।

आरोपिताें ने घर में घुसकर हिमांशु श्रीवास और गुलशन श्रीवास के साथ मारपीट की तथा घर में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। इस मामले में थाना पामगढ़ में अपराध क्रमांक 130/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपित पंकज कश्यप की लगातार तलाश की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपित ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन सारथी, सहायक उप निरीक्षक सरोज पाटले तथा आरक्षक भुवनेश्वर पटेल, श्याम ओगरे और लक्ष्मीकांत की सराहनीय भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT