home page

रायपुर : चार वर्षीय बालक की हत्या के मामले में फरार आरोपित गिरफ्तार

 | 
रायपुर : चार वर्षीय बालक की हत्या के मामले में फरार आरोपित गिरफ्तार


रायपुर, 10 जून (हि.स.)। रायपुर पुलिस द्वारा गंभीर अपराधों में फरार आरोपितों की धरपकड़ हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना आमानाका पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। वर्ष 2025 में 4 वर्षीय बालक की हत्या के मामले में फरार आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एक नवंबर 2025 को थाना आमानाका क्षेत्र अंतर्गत 4 वर्षीय बालक मयंक मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु होने की सूचना प्राप्त हुई थी। प्रारंभिक जांच में बालक को अचेत अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उसे मृत घोषित किया गया। घटना पर थाना आमानाका में मर्ग 67/2025 धारा 194 बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई थी।

मृतक बालक के शव के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर द्वारा बालक की मृत्यु गला दबाकर हत्या किए जाने से होना बताया गया। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मामले में अपराध क्रमांक 21/26 धारा 103 बीएनएस कायम कर विस्तृत विवेचना की गई। विवेचना के दौरान यह पता चला कि मृतक की मां एवं आरोपित जयदीप सिंह निवासी टाटीबंध, रायपुर के बीच अवैध संबंध थे तथा आरोपित का मृतक के घर आना-जाना था। जांच में यह भी पाया गया कि, आरोपित मृतक बालक को अपने संबंधों में बाधक मानता था। इसी कारण उसने बालक की हत्या कर दी और घटना के बाद फरार हो गया।

प्रकरण में फ़रार आरोपित की गिरफ़्तारी हेतु डीसीपी पश्चिम संदीप पटेल ,एडिशनल डीसीपी राहुल देव शर्मा के निर्देशन में एसीपी पुरानी बस्ती देवांश सिंह राठौर एवं थाना प्रभारी आमानाका सुधांशु बघेल के नेतृत्व में टीम बनाकर पुलिस द्वारा लगातार पतासाजी एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपित की तलाश की जा रही थी। आज 10 जून को आरोपित को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपित को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

आरोपित के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही पूर्ण कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। मामले की विवेचना जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर