नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर भगाने में सहयोग करने वाला फरार आरोपित कोरबा से गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा, 08 अक्टूबर (हि. स.)। नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में फरार चल रहे आरोपित को बलौदा पुलिस ने जिला कोरबा से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपित को आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस मामले में पुलिस पहले ही मुख्य आरोपित सहित दो आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज चुकी है।
पुलिस के अनुसार, नाबालिग बालिका स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और स्कूल पहुंचकर जानकारी ली, जहां पता चला कि बालिका उस दिन स्कूल पहुंची ही नहीं थी। इसके बाद परिजनों की रिपोर्ट पर थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 403/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय आईपीएस के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैण्डन यार्क तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में फरार आरोपितों की लगातार तलाश की जा रही थी।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मामले में फरार आरोपित जिला कोरबा क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर बलौदा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भागीरथी रोहिदास (27 वर्ष), निवासी पाड़ीमार भद्रापारा, बालकों, जिला कोरबा को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपित ने घटना में सहयोग करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धारा 137(2), 64(2)(M), 65(1), 69, 3(5) बीएनएस तथा धारा 4 और 6 पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की है। आरोपित को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
मामले में पूर्व में दो अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा, प्रधान आरक्षक गजाधर पाटनवार, आरक्षक रज्जू रात्रे, नारायण भानू और महिला आरक्षक रूखमणी निर्मलकर का सराहनीय योगदान रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

