हत्या मामले में फरार नामजद आरोपित गिरफ्तार
प्रयागराज, 14 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में स्थित घूरपुर थाने की पुलिस टीम ने गुरुवार को हत्या मामले में फरार चल रहे नामजद आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया।
पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित घूरपुर थाना क्षेत्र के बड़ी बोगी गांव निवासी फरमान अली उर्फ पप्पू पुत्र मोहम्मद शहीद उर्फ उसराहू है।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बोंगी नहर पुलिया के पास से फरमान अली उर्फ पप्पू को गिरफ्तार किया। इस मामले के
चार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी पहले हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार थाना घूरपुर में 27 अप्रैल 2026 को बकरी हांकने को लेकर हुए विवाद में निसार अहमद के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई थी। गंभीर रूप से घायल निसार अहमद की उपचार के दौरान एसआरएन अस्पताल में मृत्यु हो गई थी।
घटना के संबंध में मृतक के पुत्र मोहम्मद हुसैन ने थाना घूरपुर में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए पहले ही सहबान उर्फ गुड्डू, अब्दुल, सलमान और राशिद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि फरमान अली फरार चल रहा था।
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने बताया कि उसकी बकरी को ईंट मारने को लेकर विवाद हुआ था। पंचायत के दौरान कहासुनी बढ़ने पर उसने अपने भाइयों के साथ मिलकर निसार अहमद की पिटाई कर दी थी, जिसके बाद उनकी मौत हो गई।
उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह, कांस्टेबल नरेश चन्द्र और कांस्टेबल रवि किशन शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

