home page

चोरी मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार, जीरा व सिक्के बरामद

 | 
चोरी मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार, जीरा व सिक्के बरामद


किशनगंज, 10 जुलाई (हि.स.)।

पौआखाली थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले में फरार चल रहे एक अप्राथमिकी अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किया गया सामान बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, पौआखाली थाना कांड संख्या 104/26, दिनांक 27 जून 2026, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ए) एवं 331(4) के तहत दर्ज मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आशिक, पिता स्वर्गीय अब्दुल कादिर, निवासी इमामबाड़ा चौक, वार्ड संख्या-06, पौआखाली को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किया गया जीरे का पैकेट तथा सिक्के बरामद कर लिए। बरामद सामान को जब्त कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।

पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है तथा गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। थाना पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह