home page

भूसा घर से 11.29 किलो गांजा बरामद, एक गिरफ्तार

 | 
भूसा घर से 11.29 किलो गांजा बरामद, एक गिरफ्तार


सुपौल, 30 मई (हि.स.)। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भपटियाही थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने 11 किलो 290 ग्राम गांजा बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

बरामद गांजा की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 4.51 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक शरथ आर. एस. के निर्देश पर भपटियाही थाना क्षेत्र में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस को सूचना मिली थी कि पिपराखुर्द वार्ड संख्या-3 निवासी मुकेश कुमार राम अपने घर में अवैध रूप से गांजा छिपाकर रखे हुए है। सूचना मिलते ही विशेष टीम का गठन कर आरोपी के घर पर छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान घर परिसर में बने भूसा घर की जांच की गई, जहां दो प्लास्टिक के बोरों में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ।

पुलिस द्वारा वजन कराने पर इसकी कुल मात्रा 11 किलो 290 ग्राम पाई गई।छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी मुकेश कुमार राम को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पुलिस गांजा के स्रोत, आपूर्ति श्रृंखला और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।

अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।

भपटियाही थानाध्यक्ष प्रजेश दुबे ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार व्यक्ति को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र