अभनपुर में चाकू लहराकर लोगों को डराने वाले दो गिरफ्तार, एक फरार
रायपुर, 4 सितंबर (हि.स.)। राजधानी रायपुर से लगे यारा द पंजाबी ढाबा, अभनपुर के पास धारदार चाकू लहराकर आम लोगों को डराने-धमकाने और लूटपाट का प्रयास करने के मामले में अभनपुर पुलिस ने दो आरोपितों को आज शुक्रवार को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक आरोपित मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, 4 सितंबर को सूचना मिली थी कि ढाबे के पास तीन युवक मोटरसाइकिल से पहुंचे हैं और धारदार चाकू लहराकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना अभनपुर की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही तीनों आरोपित भागने लगे, जिनमें से दो को पुलिस ने पकड़ लिया, जबकि तीसरा आरोपित फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राजू बंजारे उर्फ राजू पठान (30 वर्ष ), निवासी वार्ड नंबर 07 अभनपुर और दीपक वर्मा (25 वर्ष ), निवासी ग्राम बड़े उरला के रूप में हुई है। फरार आरोपित की पहचान मोहित मिता, निवासी ग्राम टोकरो के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपित राजू बंजारे के कब्जे से स्टील का धारदार चाकू बरामद किया है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। चाकू के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई की।
मामले में आरोपितों के खिलाफ धारा 111 बीएनएस तथा धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित राजू बंजारे उर्फ राजू पठान के खिलाफ पूर्व में लूट और चाकूबाजी के कई मामले दर्ज हैं।
दोनों गिरफ्तार आरोपितों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच के साथ फरार आरोपित मोहित मिता की तलाश में जुटी है।
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

