महिला से अवैध संबंधों के शक में जिला अस्पताल के बाहर से दो मरीजों का अपहरण
डूंगरपुर, 28 अक्टूबर (हि.स.)। जिला अस्पताल की आपातकालीन इकाई के बाहर से दो लोगों का अपहरण कर उनके साथ मारपीट करने और कांकरादरा के जंगलों में ले जाकर अमानवीय यातनाएं देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कोतवाली थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज दो घंटे में मामले का खुलासा कर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी जब्त की है, जबकि दो अन्य आरोपितों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार आरोपितों ने एक महिला से अवैध संबंध होने के शक के चलते इस वारदात को अंजाम दिया।
कोतवाली थानाधिकारी हिमांशु सिंह ने बताया कि भावसारवाड़ा निवासी पीड़ित के पिता ने मंगलवार को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दी कि रात करीब नौ बजे उनके बेटे के पैर में चोट लगने से खून निकल रहा था। वह पड़ोसी को साथ लेकर उपचार के लिए डूंगरपुर जिला अस्पताल ले गए थे। रात करीब दस बजे उन्हें सूचना मिली कि अस्पताल में दो-तीन लोगों ने मारपीट कर उनके बेटे और पड़ोसी का अपहरण कर लिया है। परिजनों ने दोनों की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देश पर कोतवाली थानाधिकारी हिमांशु सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। सूचना मिलते ही जिलेभर में नाकाबंदी करवाई गई। पुलिस टीम ने जिला अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आरोपितों की कार जिन रास्तों से गुजरी, वहां करीब 15 स्थानों के कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। मुखबिर तंत्र और पारंपरिक पुलिसिंग के जरिए संदिग्धों से पूछताछ की गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपितों का पता लगाकर कांकरादरा के जंगलों से दोनों पीड़ितों को घायल अवस्था में मुक्त कराया।
थानाधिकारी ने बताया कि आरोपितों को महिला से अवैध संबंध होने का शक था। इसी के चलते उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर जिला अस्पताल की आपातकालीन इकाई के बाहर दोनों पीड़ितों के साथ मारपीट की और उन्हें कार में डालकर ले गए। आरोप है कि जंगल में दोनों को निर्वस्त्र कर उनके साथ अमानवीय कृत्य किए गए तथा शारीरिक यातनाएं देकर वीडियो बनाए गए। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तब भी आरोपी पीड़ितों को घेरकर उनके साथ मारपीट कर रहे थे और वीडियो बना रहे थे। पुलिस की कार्रवाई के दौरान दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। दोनों पीड़ितों को गंभीर चोटें आई हैं और जिला अस्पताल में उनका उपचार जारी है।
कोतवाली थाना पुलिस ने मामले में अर्जुन पुत्र कमलेश डामोर मीणा निवासी वागदरी थाना सदर डूंगरपुर तथा टीना मीणा पत्नी दिनेश उर्फ अविनाश मीणा निवासी भंडारिया थाना कोतवाली डूंगरपुर को गिरफ्तार किया है। वारदात में प्रयुक्त कार जब्त कर ली गई है। पुलिस अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी है। मुख्य आरोपी के खिलाफ करीब एक वर्ष पहले भाजपा मंडल अध्यक्ष के साथ कथित अपहरण, मारपीट और डकैती से संबंधित दोवड़ा थाने में भी मामला दर्ज हुआ था। आरोपी कुछ समय पहले ही जमानत पर बाहर आया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

