पंजाब से सकुशल बरामद हुई अपहृता, कोढ़ोबाड़ी थाना पुलिस की बड़ी सफलता
किशनगंज, 23 मार्च (हि.स.)। जिले के कोढ़ोबाड़ी थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना कांड संख्या 29/26 में अपहृत 19 वर्षीय युवती मेहेनसबी खातून को पुलिस ने पंजाब के रूपनगर थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया है।
इस संबंध में किशनगंज पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि पीड़िता के परिजनों ने कोढ़ोबाड़ी थाना में आवेदन देकर उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। परिजनों के अनुसार 14 फरवरी 2026 को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा युवती का अपहरण कर लिया गया था। मामले में कोढ़ोबाड़ी थाना में कांड संख्या 29/26, धारा 137(2)/87 बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा लगातार तकनीकी अनुसंधान एवं गुप्त सूचना के आधार पर छानबीन की जा रही थी।
इसी क्रम में पुलिस को सफलता मिली और युवती को पंजाब के रूपनगर थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया। कोढ़ोबाड़ी थाना अध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि बरामद युवती को किशनगंज लाया जा रहा है। उसके आने के बाद ही विस्तृत पूछताछ कर मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पुलिस द्वारा अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

